बंगाल की 4 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी

 बंगाल की चार विधानसभा सीटों दिनहाटा, गोसाबा, शांतिपुर और खड़दह में उपचुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच शनिवार सुबह मतदान शुरू हुआ।

कोलकाता|  बंगाल की चार विधानसभा सीटों दिनहाटा, गोसाबा, शांतिपुर और खड़दह में उपचुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच शनिवार सुबह मतदान शुरू हुआ। इन चार सीटों पर केंद्रीय बल की 92 कंपनियों की तैनाती की गई है। पहले 80 कंपनियों की तैनाती की बात थी लेकिन परिस्थिति को देखते हुए 12 कंपनियां बढ़ायी गई हैं। सभी मतदान केंद्रों में केंद्रीय बलों की तैनाती की गई है और कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी है।

2 नवंबर को चुनाव के नतीजे घोषित होंगे। गौरतलब है कि शांतिपुर में भाजपा के निरंजन बिश्वास, तृणमूल कांग्रेस से बृज किशोर गोस्वामी, कांग्रेस से राजू पाल और माकपा से सौमेन महतो चुनाव मैदान में हैं। खड़दह में भाजपा से जय साहा, तृणमूल से शोभनदेव चट्टोपाध्याय और माकपा से देबज्योति दास (शुभो) चुनाव लड़ रहे हैं। गोसाबा में तृणमूल से सुब्रत मंडल, भाजपा से पलाश राना और आरएसपी से अनिल चंद्र मंडल चुनाव लड़ रहे हैं, वहीं दिनहाटा में तृणमूल कांग्रेस से उदयन गुहा, भाजपा से अशोक मंडल और फारवर्ड ब्लाक से अब्दुल रऊफ चुनावी मैदान में हैं।

विधानसभा चुनाव में पराजय का सामना करने वाली भाजपा के लिए यह उपचुनाव चुनौतीपूर्ण है। क्योंकि भाजपा के विधायक लगातार पार्टी छोड़ रहे हैं। दूसरी ओर, हाल में भवानीपुर सहित तीन विधानसभा सीटों के उपचुनाव में टीएमसी कांग्रेस की जीत हुई थी।

अब फिर टीएमसी जीत का दावा कर रही है, जबकि दिनहाटा और शांतिपुर सीट भाजपा विधायकों के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। इस कारण इन दो सीटों को बचाकर रखना भाजपा के लिए बड़ी चुनौती है। भाजपा के दो सांसदों जगन्नाथ सरकार व निशिथ प्रमाणिक ने चुनाव जीतने के बाद विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था। इस कारण ये दोनों सीटें रिक्त हुई थी।

4 assembly seatsbengalby-electionsvoting continues
Comments (0)
Add Comment