नवकार ज्वेलर्स  चोरी : झारखंड से दो आरोपी गिरफ्तार, मास्टरमाइंड फरार

रायपुर की पुलिस झारखंड से दो बदमाशों को पकड़ कर लाई है। पुलिस का दावा है कि यह दोनों आरोपी गुढ़ियारी में नवकार ज्वेलर्स में हुई करोड़ों की चोरी में शामिल थे।

रायपुर| रायपुर की पुलिस झारखंड से दो बदमाशों को पकड़ कर लाई है। पुलिस का दावा है कि यह दोनों आरोपी गुढ़ियारी में नवकार ज्वेलर्स में हुई करोड़ों की चोरी में शामिल थे। ये बदमाश अपने 5 साथियों के साथ झारखंड में पुलिस का बैरिकेड तोड़कर भाग रहे थे। झारखंड पुलिस की टीम ने पीछा करते हुए इन्हें पकड़ा।
हाइवे में जंगल का फायदा उठाकर इनके 5 साथी फरार होने में कामयाब रहे। झारखंड से बदमाशों को पुलिस रायपुर लाकर गुढ़ियारी के नवकार ज्वेलर्स में हुई चोरी के संबंध में पूछताछ कर रही है। झारखंड पुलिस को इन बदमाशों के पास से 38 किलो चांदी मिली है। ये चांदी रायपुर वाली वारदात की ही है या नहीं इसकी भी तस्दीक पुलिस कर रही है।
शुक्रवार शाम रायपुर के पुलिस कंट्रोल रूम में अफसरों ने जानकारी देते हुए बताया कि शहर में बीते रविवार को नवकार ज्वेलर्स में हुई सवा करोड़ के गहनों की चोरी के बाद से लगातार कई टीमें चोरों का पता लगाने का काम कर रही थी। CCTV फुटेज ट्रेस करते हुए टीम को जानकारी मिली कि बदमाश एक स्कॉर्पियो में भागे हैं। गाड़ी का नंबर झारखंड के देवघर जिले के आसपास का है। इस इनपुट के आधार पर टीम लगातार झारखंड के इलाकों में सर्चिंग कर रही थी और इन बदमाशों के झारखंड में पकड़े जाने की खबर पर टीम वहां पहुंची।
अब रायपुर जिन बदमाशों को लाया गया है उनके नाम मोफिजुल शेख और मोजिबुर शेख हैं। यह दोनों झारखंड के साहिबगंज इलाके के रहने वाले हैं। रायपुर पुलिस की अब तक की छानबीन में यह बात सामने आई है कि नवकार ज्वेलर्स में लगभग सवा करोड़ के सोने चांदी के जेवर की चोरी करने वाले गैंग के सभी सदस्य साहिबगंज इलाके के ही रहने वाले हैं। पुलिस अब इनकी तलाश में जुटी हुई है।

जांच टीम दावा कर रही है कि इन दोनों बदमाशों की गिरफ्तारी के बाद जल्द ही इस घटना को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी हो पाएगी। फिलहाल इस गैंग के 5 सदस्य फरार हैं, जिन्होंने इस सवा करोड़ की चोरी की प्लानिंग और इस वारदात को अंजाम दिया था।

jharkhandmastermind abscondingNavkar jewelers thefttwo accused arrested
Comments (0)
Add Comment