धमतरी जिले में समर्थन मूल्य पर शुरू हुआ धान खरीद महाभियान

प्रदेश सहित जिले के धान उपार्जन केंद्रों में एक नवंबर को पहले दिन चालू खरीफ विपणन वर्ष में समर्थन मूल्य में धान खरीद की व्यवस्थित तरीके से शुरुआत हो गई है। सोरम में धान बेचने पहुंचे बोरिदखुर्द के किसान अहिर साहू, रोहित साहू, मरादेव के किसान केशाराम...

धमतरी। प्रदेश सहित जिले के धान उपार्जन केंद्रों में एक नवंबर को पहले दिन चालू खरीफ विपणन वर्ष में समर्थन मूल्य में धान खरीद की व्यवस्थित तरीके से शुरुआत हो गई है। सोरम में धान बेचने पहुंचे बोरिदखुर्द के किसान अहिर साहू, रोहित साहू, मरादेव के किसान केशाराम यादव और सोरम के किसान खुबान राम साहू कहते हैं कि शासन द्वारा एक नवंबर से धान खरीदी करने के फैसले से वे काफी खुश हैं।

इससे बारिश से धान को नुकसान होने से बचाया जा सकता है। किसान अहिर साहू आज सुबह से अपने एक एकड़ खेत के धान को बेचने सोरम पहुंचे थे, वहीं मरादेव के किसान केशाराम यादव भी अपने एक एकड़ के 14 क्विंटल धान बेचने पहुंचे थे। वे बताते हैं कि खरीदी की शुरुआत उनसे हो रही है। वे अपनी उपज की पहली खेप लेकर वे केंद्र आए हैं। उन्हें राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत अब तक तीन किश्तों में राशि भी मिली है, जिसे वे खाद, बीज और अन्य जरूरी काम में उपयोग किए।

सोरम में ही बेलतरा से पहुंचे खुमेश्वरी साहू अपने 28 क्विंटल 80 किलो धान की तौलाई कराते हुए प्रसन्नता व्यक्त की कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में किसानों को उनकी उपज का वाजिब दाम समर्थन मूल्य में धान खरीद कर दिया जा रहा है। खरीद केंद्र पहुंचे अन्य किसान भी उत्साहित नजर आए। गौरतलब है की चालू खरीफ विपणन वर्ष में ज़िले के 96 उपार्जन केंद्रों में 48 लाख अनुमानित धान की खरीदी किसानों से की जाएगी।

Comments (0)
Add Comment