भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध विराम, नई दिल्ली ने की पुष्टि
पाकिस्तान ने शुरू की बातचीत, दोनों देशों ने शनिवार शाम 5 बजे से युद्ध विराम पर सहमति जताई
भारत और पाकिस्तान ने सैन्य तनाव और संघर्ष के बाद युद्ध विराम पर सहमति जता दी है. नई दिल्ली ने शनिवार को इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि पाकिस्तान ने भारत से संपर्क किया और दोनों देशों के सैन्य अधिकारियों के बीच सीधी बातचीत के बाद यह समझौता हुआ, जो शनिवार शाम 5 बजे से प्रभावी हो गया है.
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने एक संक्षिप्त प्रेस वार्ता में कहा, “पाकिस्तान के डायरेक्टर जनरल ऑफ मिलिट्री ऑपरेशंस (DGMO) ने आज दोपहर 3:30 बजे भारत के DGMO से बात की. दोनों पक्षों ने सहमति जताई कि जमीन, हवा और समुद्र में सभी गोलीबारी और सैन्य कार्रवाइयां शाम 5 बजे से बंद हो जाएंगी.”
दोनों पक्षों को निर्देश, 12 मई को होगी अगली बातचीत
मिस्री ने आगे बताया कि दोनों देशों ने इस समझौते को लागू करने के लिए अपने-अपने पक्षों को निर्देश जारी किए हैं. दोनों देशों के DGMO 12 मई को फिर से बातचीत करेंगे.
भारत द्वारा युद्ध विराम की पुष्टि से कुछ मिनट पहले, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि यह समझौता अमेरिका की मध्यस्थता से हुई बातचीत का परिणाम है. ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा, “अमेरिका की मध्यस्थता में रातभर चली बातचीत के बाद, मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि भारत और पाकिस्तान ने पूर्ण और तत्काल युद्ध विराम पर सहमति जता दी है. दोनों देशों को बधाई.”
भारत ने अपनी शर्तों पर लिया निर्णय
सरकारी सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोवल और विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कई दिनों तक अपने अमेरिकी समकक्षों के साथ युद्ध विराम पर चर्चा की थी. उन्होंने इसकी प्रगति पर प्रधानमंत्री को लगातार जानकारी दी. सूत्रों ने बताया कि भारत ने अपनी शर्तों पर युद्ध विराम लागू करने का निर्णय लिया.
विदेश मंत्री जयशंकर ने भी इस समझौते की पुष्टि करते हुए कहा, “भारत और पाकिस्तान ने आज गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति जताई है. भारत आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों के खिलाफ अपनी दृढ़ और अटल नीति पर कायम है और इसे जारी रखेगा.”
अन्य मुद्दों पर चर्चा नहीं
सूत्रों ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी अन्य मुद्दे पर बातचीत या किसी अन्य स्थान पर चर्चा का कोई निर्णय नहीं लिया गया है.
