भोपाल में अस्पताल में झड़प के बाद पुलिस ने दर्ज किया मामला, डॉक्टरों ने भी दर्ज कराई शिकायत
पुलिस के अनुसार, 60 वर्षीय महिला को रक्तचाप और मधुमेह सहित अन्य बीमारियों की शिकायत के साथ अस्पताल में भर्ती कराया गया था. महिला की मौत रात करीब 1 बजे हुई, जिसके बाद परिजनों और डॉक्टरों के बीच तनाव बढ़ गया.
भोपाल: भोपाल के हमीदिया अस्पताल में एक मरीज की मौत के बाद उसके परिजनों और डॉक्टरों के बीच झड़प हो गई. पुलिस ने इस मामले में एक केस दर्ज किया है.
पुलिस के अनुसार, 60 वर्षीय महिला को रक्तचाप और मधुमेह सहित अन्य बीमारियों की शिकायत के साथ अस्पताल में भर्ती कराया गया था. महिला की मौत रात करीब 1 बजे हुई, जिसके बाद परिजनों और डॉक्टरों के बीच तनाव बढ़ गया.
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला के परिजनों ने अज्ञात डॉक्टरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. परिजनों ने आरोप लगाया कि उन्हें डॉक्टरों और चिकित्सा कर्मचारियों ने पीटा. दूसरी ओर, डॉक्टरों ने भी मृतक के परिजनों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है.
जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष ने बताया कि 50-60 से अधिक परिजन आईसीयू में घुस गए और डॉक्टरों तथा अन्य चिकित्सा कर्मचारियों को पीटना शुरू कर दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि झड़प में एक डॉक्टर को सिर में चोट आई.
उन्होंने कहा कि डॉक्टर अस्पताल प्रशासन को एक ज्ञापन सौंपेंगे और डॉक्टरों तथा चिकित्सा कर्मचारियों की सुरक्षा की मांग करेंगे.