प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लकसन के बीच हुई व्यापक वार्ता, क्रिकेट पर चर्चा से परहेज

0 40
Wp Channel Join Now

नई दिल्ली: सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके न्यूजीलैंड समकक्ष क्रिस्टोफर लकसन के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के उद्देश्य से व्यापक चर्चा हुई. हालांकि, इस मुलाकात के दौरान क्रिकेट पर कोई बात नहीं हुई. इसके पीछे की वजह लकसन की एक मजाकिया टिप्पणी थी, जिसने बैठक में ठहाके लगवा दिए.

लकसन ने हंसी के अंदाज में कहा कि उन्होंने जानबूझकर क्रिकेट का जिक्र नहीं किया ताकि कोई “राजनयिक विवाद” न हो जाए. उन्होंने कहा, “मैं इस बात की सराहना करता हूं कि प्रधानमंत्री मोदी ने न्यूजीलैंड की चैंपियंस ट्रॉफी में हार का जिक्र नहीं किया, और मैंने भी भारत में अपनी टेस्ट जीत का जिक्र नहीं किया. बेहतर होगा कि हम इसे ऐसे ही रहने दें और किसी राजनयिक विवाद से बचें.” लकसन की इस टिप्पणी पर वहां मौजूद सभी लोग हंस पड़े.

प्रधानमंत्री मोदी का बेझिझक हंसना यह दिखा रहा था कि उन्होंने इस मजाक को खूब पसंद किया. न्यूजीलैंड के पूर्व क्रिकेटर रॉस टेलर, जो इस प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा थे, भी इस मजाक पर हंसते नजर आए.

गौरतलब है कि भारत ने 9 मार्च को चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर 2013 के बाद पहली बार 50 ओवर के किसी आईसीसी खिताब पर कब्जा किया था. इससे पहले बड़े टूर्नामेंटों में न्यूजीलैंड भारत के लिए चुनौती बना रहा था. भारत को 2019 के वनडे वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने हराया था. इसके बाद 2022 के टी20 वर्ल्ड कप में भी न्यूजीलैंड ने भारत को शुरुआती दौर से ही बाहर कर दिया था.

हालांकि, भारत ने 2023 के वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड को मुंबई में करारी शिकस्त देकर हिसाब चुकता किया.

इसके बाद न्यूजीलैंड ने 2024 में भारत का दौरा किया और इतिहास रच दिया. टॉम लैथम की अगुवाई में न्यूजीलैंड ने भारत को उसके घर में पहली बार टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप किया. न्यूजीलैंड ने तीनों टेस्ट मैच जीतकर भारत के वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में पहुंचने की उम्मीदों पर पानी फेर दिया. भारत को इसके बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 1-3 की हार का सामना करना पड़ा, जिससे वह फाइनल की दौड़ से बाहर हो गया.

लेकिन, रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने 2025 की चैंपियंस ट्रॉफी में न्यूजीलैंड से बदला ले लिया. भारत ने पहले ग्रुप स्टेज में न्यूजीलैंड को हराया और फिर फाइनल में मिचेल सैंटनर की अगुवाई वाली टीम को मात दी. इस मैच में रोहित ने शानदार पारी खेलकर 252 रनों के लक्ष्य का सफल पीछा किया और भारत को चैंपियन बनाया.

Leave A Reply

Your email address will not be published.