द्रौपदी मुर्मू पर कांग्रेस नेता की टिप्पणी का विधानसभा में भाजपा विधायकों ने किया विरोध

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने गुरुवार को ओडिशा विधानसभा में कांग्रेस प्रवक्ता अजय कुमार की एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू पर कथित टिप्पणी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

0 63

- Advertisement -

भुवनेश्वर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने गुरुवार को ओडिशा विधानसभा में कांग्रेस प्रवक्ता अजय कुमार की एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू पर कथित टिप्पणी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा विधायकों ने राज्य विधानसभा में इस मुद्दे को उठाया और कांग्रेस प्रवक्ता द्वारा दिए गए बयान की कड़ी निंदा की। इसके अलावा भाजपा कार्यकर्ताओं ने विभिन्न जिलों में विरोध प्रदर्शन किया और अजय कुमार व राहुल गांधी का पुतला फूंका।
गुरुवार को सुबह 10.30 बजे जैसे ही विधानसभा की कार्यवाही शुरू हई विपक्षी भाजपा सदस्यों ने तख्तियां लिए, कांग्रेस विरोधी नारे लगाने के साथ सदन के वेल में आकर कांग्रेस से माफी मांगने और इसके खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित करने की मांग की। भाजपा नेताओं ने कहा कि ओडिशा की एक आदिवासी महिला नेता मुर्मू के खिलाफ उनकी टिप्पणी अपमानजनक है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
भाजपा सदस्यों का विरोध करते हुए कांग्रेस विधायक भी वेल के पास पहुंचे और सदन की कार्यवाही रोकने के लिए भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। भाजपा- कांग्रेस में टकराव की स्थिति देख विधानसभा अध्यक्ष विक्रम केशरी आरूख ने सदन की कार्यवाही दोपहर 11.30 बजे तक के लिए स्थगित करे दी।
जब सदन शून्यकाल के लिए फिर से शुरू हुआ तो भाजपा के मुख्य सचेतक मोहन मांझी ने कहा कि कांग्रेस प्रवक्ता अजय कुमार ने मुर्मू के खिलाफ “विवादास्पद और घटिया मानसिकता वाला बयान” दिया है।
ओडिशा की एक आदिवासी नेता मुर्मू ने जीवन भर गरीब, बेसहारा और आदिवासी लोगों के विकास के लिए कड़ी मेहनत की है। कांग्रेस समर्थन करने के बजाय राहुल गांधी के इशारे पर आदिवासी विरोधी और मुर्मू विरोधी टिप्पणी करने में लिप्त है।
मांझी ने कहा कि हम कांग्रेस प्रवक्ता द्वारा की गई इस तरह की टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हैं और हम कांग्रेस नेता के खिलाफ सदन में निंदा प्रस्ताव पेश करने की अनुमति देने की मांग करते हैं।
कांग्रेस विधायक दल के नेता नरसिंह मिश्रा ने कहा कि भाजपा सदस्यों को असहिष्णु नहीं होना चाहिए। लोकतंत्र में लोग मतभेद करने के लिए स्वतंत्र हैं और हम सदन में इस तरह के बयान भी दे रहे हैं।
मिश्रा ने कहा कि उन्होंने कुमार के बयान पर अखबार के लेख का अध्ययन किया है उसमें मुर्मू के खिलाफ कोई अपमानजनक टिप्पणी नहीं की गई है। चूंकि अजय कुमार यहां मौजूद नहीं हैं, इसलिए सदन की परंपरा के अनुसार इस मुद्दे पर विधानसभा में चर्चा नहीं की जानी चाहिए। कांग्रेस सदस्य ने अध्यक्ष से कुमार के खिलाफ किए गए उन शब्दों को रिकॉर्ड से हटाने का आग्रह किया।
मिश्रा द्वारा अपना बयान पूरा करने से पहले, भाजपा विधायकों ने फिर से सदन में हंगामा करना शुरू कर दिया, जिसके कारण अध्यक्ष ने कार्यवाही को शाम 4 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया था। सदन की कार्यवाही स्थगित होने के बाद भाजपा विधायकों ने बैनर लेकर विधानसभा परिसर में धरना दिया था।
इस बीच, भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रैलियां निकालीं और मुर्मू के गृह जिले, भुवनेश्वर और मयूरभंज सहित कई जगहों पर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.