स्वरगेट: पुणे के व्यस्त स्वरगेट बस स्टैंड पर राज्य परिवहन की खड़ी बस में 26 वर्षीय महिला के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई है. पुलिस के अनुसार, आरोपी दत्ता गाडे पहले से ही चोरी और चेन स्नेचिंग जैसे आपराधिक मामलों में शामिल था. घटना के बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है.
स्वरगेट महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (MSRTC) का एक प्रमुख बस जंक्शन है. पीड़िता ने पुलिस को बताया कि मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे, वह पैठण जाने वाली बस का इंतजार कर रही थी. तभी एक व्यक्ति उसके पास आया और कहा कि बस दूसरे प्लेटफॉर्म पर खड़ी है.
महिला को भरोसे में लेकर वह उसे एक सुनसान जगह पर खड़ी खाली बस में ले गया. अंधेरा होने का फायदा उठाकर आरोपी ने महिला के साथ बस के अंदर दुष्कर्म किया और मौके से फरार हो गया.
पुलिस ने CCTV फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान कर ली है और उसे पकड़ने के लिए कई टीमों का गठन किया गया है. स्वरगेट पुलिस स्टेशन के अधिकारियों के मुताबिक, जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
