नगालैंड में सेना की गोलीबारी में 11आम नागरिकों की मौत,आगजनी–तनाव

नगालैंड के मोन जिले में सेना की कथित गोलीबारी में 11 आम नागरिकों  की मौत के बाद नाराज लोगों ने सुरक्षाबलों की गाड़ियों में आग लगा दी।हालत तनाव पूर्ण हैं|

0 121
Wp Channel Join Now

कोहिमा | नगालैंड के मोन जिले में सेना की कथित गोलीबारी में 11 आम नागरिकों  की मौत के बाद नाराज लोगों ने सुरक्षाबलों की गाड़ियों में आग लगा दी।हालत तनाव पूर्ण हैं| मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो ने घटना की उच्चस्तरीय जांच कराए जाने और समाज के सभी वर्गों से शांति बनाए रखने की अपील की है ।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक  यह घटना ओटिंग और तिरु गांवों के बीच उस समय हुई, जब कुछ दिहाड़ी मजदूर शनिवार शाम एक पिकअप वैन के जरिए एक कोयला खदान से घर लौट रहे थे। बताया गया कि प्रतिबंधित संगठन नेशनल सोशलिस्ट काउंसिल ऑफ नगालैंड-के (एनएससीएन-के) के युंग ओंग धड़े के उग्रवादियों की गतिविधि की सूचना मिलने के बाद इलाके में अभियान चला रहे सैन्यकर्मियों ने वाहन पर कथित रूप से गोलीबारी की।
दरअसल, इनपुट में जिस रंग की गाड़ी के बारे में बताया गया था, उसी रंग की गाड़ी वहां से गुजरी। जवानों ने गाड़ी को रोकने के लिए कहा, लेकिन वह नहीं रुकी। इसके बाद सिक्योरिटी फोर्सेज ने फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस के मुताबिक  यह पता लगाने के लिए जांच की जा रही है कि यह गलत पहचान किए जाने का मामला था या नहीं।
मोन म्यांमा की सीमा के पास स्थित है। म्यांमा से एनएससीएन का युंग ओंग धड़ा अपनी उग्रवादी गतिविधियां चलाता है।

इस बीच, सेना   की ओर से जारी एक बयान में कहा गया, ‘‘नगालैंड में मोन जिले के तिरु में उग्रवादियों की संभावित गतिविधियों की विश्वसनीय खुफिया जानकारी के आधार पर इलाके में एक विशेष अभियान चलाए जाने की योजना बनाई गई थी। यह घटना और इसके बाद जो हुआ, वह अत्यंत खेदजनक है। लोगों की मौत की इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के कारणों की ‘कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी’ के जरिए उच्चतम स्तर पर जांच की जा रही है और कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।’’

गृह मंत्री अमित शाह ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया है। अमित शाह ने ट्वीट कर कहा, ‘नगालैंड के ओटिंग में दुर्भाग्यपूर्ण घटना से व्यथित हूं। घटना में जिन्होंने अपनी जान गंवाई मैं उनके परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। राज्य सरकार द्वारा गठित एक उच्च स्तरीय SIT शोक संतप्त परिवारों को न्याय सुनिश्चित करने के लिए इस घटना की गहन जांच करेगी।’

Leave A Reply

Your email address will not be published.