ओडिशा पंचायत चुनाव : राजा , मंत्री, मॉडल, डाक्टर से लेकर बाप-बेटी-बहुएं भी मैदान में
ओडिशा पंचायत चुनाव पहले की बनिस्बत रोचक हो गया है | पूर्व मंत्री , राजनेता ,राजघराने , पेशेवर मॉडल , डेंटिस्ट और आईटी पेशेवर, सॉफ्टवेयर इंजीनियर, एमबीए छात्रा, से लेकर पूर्व फौजी भी चुनाव मैदान में ताल ठोक रहे हैं| चुनाव को लोकतंत्र का महापर्व कहा जाता है | इस पर्व में जो रंग बनते हैं सबको हैरान कर रहे हैं |
पारिवारिक राजनीतिओडिशा के रायगड़ा जिले का पद्मपुर ब्लाक के खिलापदर पंचायत में 1961 से 1997 तक सरपंच रहे लिंगा गमंगो और उसकी पत्नी पूर्ण वाशी गमंगो जो 1997 से 2002 तक सरपंच रही, की तीन बहुओं ने सरपंच, समिति सदस्य और जिला परिषद पदों के लिए नामांकन दाखिल किया है| उषारानी गमंगो ने सरपंच, पार्वती गमंगो ने समिति सदस्य और सविता गमंगो ने जिला परिषद के लिए परचा भरा है | इसी तरह जगतसिंहपुर जिले के पांडुआ पंचायत में पिता, बेटी और बहू चुनाव मैदान में हैं |इस पंचायत में पिता कैलाश चंद्र, बेटी सुभाश्री और बहू स्वप्निता स्वैन अलग-अलग पदों पर चुनाव लड़ रही हैं |

गंजाम जिले में धाराकोट राजघराने की सुलक्षणा गीतांजलि देवी ने धाराकोट पंचायत समिति की सदस्यता के लिए नामांकन दाखिल कर राजनीति में कदम रखा है। 21 वर्षीय गीतांजलि देवी पूर्व विधायक नंदिनी देवी की सबसे बड़ी बेटी हैं। गीतांजलि राजनीति को लोगों की मदद करने और उनकी सेवा करने का सबसे अच्छा माध्यम मानती हैं । इसीलिए उन्होंने पंचायत चुनाव लड़ने का फैसला किया है।
भद्रक जिले में बीजेडी नेता और भण्डारीपोखरी विधानसभा सीट से पूर्व विधायक प्रफुल्ल जेना ने जिला परिषद सदस्य के लिए नामांकन भरा है। जेना के मुताबिक, पार्टी ने मुझे चुनाव में प्रत्याशी बनाया है क्योंकि मैं एक अनुशासित सैनिक हूं, मैं जिला परिषद पद के लिए लड़ रहा हूं। मेरा उद्देश्य भद्रक जिले में बीजेडी को और मजबूत करना है।

