कांग्रेस सरकार को शराब की अवैध कमाई की लग चुकी है लतः बृजमोहन अग्रवाल
प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता व छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने मंत्री मोहम्मद अकबर की प्रेसवार्ता पर जवाबी हमला बोला हैं। उन्होंने मोहम्मद अकबर को ये तक कह दिया कि आने वाले समय में मोहम्मद अकबर की भी वहीं गति होगी जो टीएस सिंहदेव की हुई हैं।
रायपुर। प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता व छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने मंत्री मोहम्मद अकबर की प्रेसवार्ता पर जवाबी हमला बोला हैं। उन्होंने मोहम्मद अकबर को ये तक कह दिया कि आने वाले समय में मोहम्मद अकबर की भी वहीं गति होगी जो टीएस सिंहदेव की हुई हैं। सोमवार को मंत्री मोहम्मद अकबर ने प्रेस वार्ता की। प्रेस वार्ता में अकबर ने भाजपा पर झूठ पर आधारित राजनीति करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने गंगाजल हाथ में लेकर सिर्फ किसानों के कर्जा माफी की बात की थी। जिसे पूरा कर दिखाया। भाजपा का ये आरोप झूठा है कि कांग्रेस ने गंगाजल हाथ में लेकर शराबबंदी का वादा किया था। अकबर ने आगे कहा कि 15 साल तक तत्कालीन मुख्यमंत्री रमन सिंह ने प्रदेश में शराबबंदी का ऐलान किया था जिसे वे पूरा नहीं कर सके। प्रेसवार्ता में मंत्री अकबर ने प्रूफ के तौर पर वीडियो भी दिखाया।
मंत्री अकबर के प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद बृजमोहन भड़क गए और कहने लगे कि कांग्रेस सरकार को शराब की अवैध कमाई की लत लग गई है। यह सरकार लतखोर हो गई है। रोज नई-नई बातें करती है। कम से कम मो। अकबर को तो गंगाजल के बारे में बात नहीं करना चाहिए। नई नई बात करके, नए नए मुद्दे उछाल रहे हैं। कांग्रेस अपने गिरेबान में झांक कर देखें।
अग्रवाल ने आगे कहा कि रोज नये बहाने कर कांग्रेस अपना पाप ढक नहीं सकती। कभी कहते हैं कि बेरोज़गारी भत्ता की बात नहीं की थी, कभी कह रहे हैं शराबबंदी का वादा नहीं किया था। प्रदेश का बच्चा बच्चा जानता है कि किस तरह इन्होंने गंगाजल हाथ में लेकर सारे वादे किया थे। लेकिन अब इनकी चलाचली की बेला है।