भारतीय पुरुष हॉकी टीम को राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ने दी बधाई

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने चार दशक के बाद अब टोक्यो ओलंपिक खेलों में पदक जीता है। कप्तान मनप्रीत सिंह की भारतीय टीम ने तीसरे स्थान के लिए हुए रोमांचक मुकाबले में जर्मनी को 5-4 से हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया है।

0 26

- Advertisement -

टोक्यो । भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने चार दशक के बाद अब टोक्यो ओलंपिक खेलों में पदक जीता है। कप्तान मनप्रीत सिंह की भारतीय टीम ने तीसरे स्थान के लिए हुए रोमांचक मुकाबले में जर्मनी को 5-4 से हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया है। इससे पहले भारतीय टीम ने साल 1980 में वासुदेवन भास्करन की कप्तानी में मास्को ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीता था।

भारतीय टीम ने आज यहां जर्मनी के खिलाफ तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में शानदार ख्रेल का प्रदर्शन किया। भारतीय टीम की ओर से सिमरनजीत सिंह ने दो गोल किये। इसी कारण भारत ने दो गोल से पीछे होने के बाद भी शानदार वापसी कर मुकाबला जीत लिया।

भारतीय टीम एक समय तीसरे स्थान के लिए हो रहे इस मुकाबले में पहले 1-3 से पिछड़ रही थी पर टीम ने आठ मिनट के अंदर ही चार गोल दागकर जीत हासिल कर ली। भारत की ओर से सिमरनजीत सिंह ने 17वें मिनट और 34वें मिनट में दो जबकि हार्दिक सिंह ने 27वें मिनट, हरमनप्रीत सिंह ने 29वें मिनट और रुपिंदर पाल सिंह ने 48 वें मिनट एक-एक गोल किया।

वहीं विश्व की चौथे नंबर की टीम जर्मनी की ओर से तिमूर ओरूज ने दूसरे मिनट, निकलास वेलेन ने 24वें मिनट, बेनेडिक्ट फुर्क ने 25वें मिनट और लुकास विंडफेडर ने 48वें मिनट में गोल किये। चौथे क्वॉर्टर के शुरुआत में जर्मनी ने पेनाल्टी कॉर्नर पर पर चौथा गोल किया।

भारतीय हॉकी टीम ने तीसरे क्वॉर्टर के खत्म होने के बाद जर्मनी पर 5-3 की बढ़त बना ली है। सिमरनजीत सिंह ने भारत की ओर से 5वां गोल दागा। यह सिमरनजीत का इस मैच में दूसरा गोल था। तीसरे क्वॉर्टर के शुरू हुए अभी तीन मिनट ही हुए थे कि रुपिंदर पाल सिंह ने पेनाल्टी स्ट्रोक पर गोल दागकर भारत को 4-3 से बढ़त दिला दी।

दूसरे क्वॉर्टर में जमकर गोल हुए। जर्मनी ने 2 जबकि भारत ने 3 गोल किये। भारत की ओर से हार्दिक सिंह और हरमनप्रीत सिंह ने गोल कर भारत को 3-3 से बराबरी पर ला दिया। दूसरा गोल हार्दिक सिंह ने पेनाल्टी कॉर्नर पर किया जबकि भारत के लिए तीसरा गोल हरमनप्रीत सिंह ने पेनाल्टी से किया।

- Advertisement -

दूसरे क्वॉर्टर में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार वापसी की। दूसरे क्वॉर्टर में कुल 5 गोल हुए। जर्मनी ने शानदार वापसी कर भारत पर 2-1 की बढ़त बना ली। जर्मनी ने यह बढ़त दूसरे क्वॉर्टर के खत्म होने से छह मिनट पहले हासिल की।

जर्मनी ने भारतीय रक्षापंक्ति को भेदते हुए तीसरा गोल दाग किया। भारत ने जर्मनी के खिलाफ अपनी टीम में कोई बदलाव नहीं किया था। जिन खिलाड़ियों के साथ भारतीय टीम बेल्जियम के खिलाफ उतरी थीं वही टीम जर्मनी के खिलाफ भी उतरी।

राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ने कहा, यह दिन हर भारतीय की स्मृतियों में हमेशा रहेगा
भारतीय पुरुष हॉकी टीम के टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने के बाद राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टीम के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि यह दिन हर भारतीय की स्मृतियों में हमेशा रहेगा। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ट्वीट किया ,‘‘ 41 साल बाद ओलंपिक में पदक जीतने वाली हमारी पुरूष हॉकी टीम को बधाई। इस टीम ने बेहतरीन कौशल और दृढ निश्चय का प्रदर्शन किया। इस जीत से देश में हॉकी के एक नये युग का उदय होगा और युवाओं को हॉकी खेलने तथा उसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन की प्रेरणा मिलेगी।’’

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारतीयों को यह दिन हमेशा याद रहेगा। उन्होंने ट्वीट किया ,‘‘ ऐतिहासिक । यह दिन हर भारतीय की स्मृतियों में हमेशा रहेगा। कांस्य पदक जीतने के लिये हमारी पुरूष हॉकी टीम को बधाई। इससे उन्होंने पूरे देश को, खासकर युवाओं को प्रेरित किया है। भारत को अपनी हॉकी टीम पर गर्व है।’’ वहीं खेलमंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा ,‘‘ भारत के लिये करोड़ों चीयर्स।

आखिर भारतीय हॉकी टीम ने कर दिखाया। हमारी पुरूष हॉकी टीम ने ओलंपिक की इतिहास पुस्तिका में अपना नाम दर्ज करा लिया। एक बार फिर से । हमें आप पर गर्व है।’’ गृहमंत्री अमित शाह ने कहा ,‘‘ बधाई टीम इंडिया । यह पल हर भारतीय के लिये गर्व और हर्ष का है। हमारी पुरूष हॉकी टीम ने टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतकर पूरे देश को गौरवान्वित किया है ।’’

टीम की उपलब्धि पर गर्व है : राहुल गांधी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कांस्य पदक जीतने पर भारतीय पुरुष हॉकी टीम की प्रशंसा की और कहा कि पूरे देश को उनकी उपलब्धि पर गर्व है। राहुल ने ट्वीट किया, ‘‘भारतीय पुरुष हॉकी टीम को बधाई। यह बहुत बड़ा क्षण है-पूरे देश को आपकी उपलब्धि पर गर्व है। आप इस जीत के काबिल हैं।’’

अक्षय, शाहरुख और तापसी पन्नू सहित बॉलीवुड सितारों ने दी बधाई
भारतीय टीम को कांस्य पदक मिलने पर बॉलीवुड सितारों ने भी बधाई संदेश दिये हैं। शाहरुख खान ने भारतीय पुरुष हॉकी टीम के जीत की खुशी में अपने ट्विटर हैंडल से ट्वीट करते हुए लिखा,’बहुत खूब!! भारतीय पुरुष हॉकी टीम को ढे़र सारी बधाई। लचीलापन और कौशल अपने चरम पर है। क्या रोमांचक मैच है।’ तापसी पन्नू ने इंडियन हॉकी टीम को बधाई देते हुए ट्वीट किया है। तापसी ने लिखा,’और यह एक कांस्य है।’ वहीं अक्षय कुमार ने ट्वीट कर लिखा,’ भारतीय पुरुष हॉकी टीम को इतिहास रचने पर ढ़ेर सारी बधाई। 41 साल बाद ओलंपिक में पदक। क्या मैच था, गजब की वापसी।’ इसके अलावा समस्त देशवासियों ने टीम की शानदार उपलब्धि पर उसे बधाई दी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.