भारत दुनिया का सबसे तेजी से टीकाकरण करने वाला देश बना

18 दिनों में ही लगभग 45 लाख  लाभार्थियों को कोविड-19 वैक्सीन दी जा चुकी  

0 92
Wp Channel Join Now

नई दिल्ली|  भारत केवल 18 दिनों में 40 लाख कोविड-19 टीकाकरण का स्तर हासिल करने वाला दुनिया का सबसे तेज देश बन गया है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की दी गई  जानकारी के मुताबिक देश में केवल 18 दिनों में ही लगभग 45 लाख (44,49,552) लाभार्थियों को कोविड-19 वैक्सीन दी जा चुकी है।

मंत्रालय के  आंकड़ों के अनुसार, संयुक्त राज्य अमेरिका, इजरायल, ब्रिटेन और भारत ने अपनी आबादी के 40 लाख से अधिक लोगों को वैक्सीन दे दी है। भारत की तुलना में अमेरिका को इसमें 20 दिन लगे, जबकि इजरायल और ब्रिटेन प्रत्येक को इस आंकड़े तक पहुंचने में 39 दिन लगे।

मंत्रालय के बयान में कहा गया है, “कई अन्य देशों ने लगभग 65 दिनों से टीकाकरण शुरू कर रखा है। भारत ने देशव्यापी कोविड-19 टीकाकरण अभियान 16 जनवरी, 2021 को शुरू किया है। यह वैश्विक महामारी के खिलाफ अपनी लड़ाई में देश की महत्वपूर्ण उपलब्धि है।”

पिछले 24 घंटों में 8,041 सत्रों में 3,10,604 लोगों को टीके लगाए गए हैं। अब तक 84,617 सत्र आयोजित किए जा चुके हैं।

मंत्रालय ने यह भी बताया कि कोविड-19 का टीका प्राप्त करने वाले 55 प्रतिशत लाभार्थी 7 राज्यों से संबंधित हैं।

4,63,793 टीकाकरण के साथ उत्तर प्रदेश शीर्ष पर है। इसके बाद राजस्थान 3,63,521, महाराष्ट्र 3,54,633, मध्य प्रदेश 3,30,722, कर्नाटक 3,16,638, गुजरात 3,11,251 और पश्चिम बंगाल 3,01,091 के साथ शीर्ष राज्यों की सूची में शामिल हैं। कुल टीकाकरण में इन राज्यों का क्रमश: 10.4, 8.2, 8, 7.4,7.1,7 और 6.8 प्रतिशत हिस्सा है।

फिलहाल भारत की कुल सक्रिय (एक्टिव) मामलों की संख्या घटकर 1.55 लाख रह गई है। देश के मौजूदा सक्रिय मामलों की संख्या कुल संक्रमित मामलों की केवल 1.44 प्रतिशत हो गई है।

पिछले कुछ सप्ताहों से सक्रिय मामलों की संख्या में दिन प्रतिदिन परिवर्तन हो रहा है जो सक्रिय मामलों में लगातार गिरावट को दर्शाता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.