बलौदाबाजार आगजनी तोड़फोड़: छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के संस्थापक-अध्यक्ष अमित बघेल गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार कलेक्टोरेट परिसर में आगजनी और तोड़फोड़ मामले में पुलिस ने छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के संस्थापक-अध्यक्ष अमित बघेल को गिरफ्तार किया है.
रायपुर| छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार कलेक्टोरेट परिसर में आगजनी और तोड़फोड़ मामले में पुलिस ने छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के संस्थापक-अध्यक्ष अमित बघेल को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तारी के बाद पुलिस द्वारा संबंधित थाना क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है. अमित बघेल को कोर्ट में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने अमित बघेल को 2 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा.
पुलिस के मुताबिक, इससे पहले छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के दो पदाधिकारियों को हिरासत में लिया गया था. पूछताछ के बाद उनकी गिरफ्तारी की गई थी.
पुलिस ने बताया कि 10 जून 2024 को बलौदाबाजार में कलेक्टोरेट परिसर, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, संयुक्त कार्यालय और तहसील कार्यालय में तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं हुई थीं. इस दौरान सरकारी और निजी वाहनों को भी नुकसान पहुंचा था. इन घटनाओं को लेकर बलौदाबाजार सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में कुल 13 एफआईआर दर्ज की गई है.
इस मामले में अब तक 200 से अधिक लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है. कई मामलों में चालान न्यायालय में पेश किए जा चुके हैं और कुछ प्रकरणों की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है.
