ब्राउन शुगर के धंधे से जुड़े युवक की गला रेत कर हत्या, कई दिनों से था फरार
| झारखण्ड के जमशेदपुर बिरसानगर जोन में मछली मार्केट के पास तड़के 4.30 बजे ब्राउन शुगर के धंधे से जुड़े 22 साल के युवकअनिकेत तिवारी की गला रेत कर हत्या कर दी गई।
जमशेदपुर| झारखण्ड के जमशेदपुर बिरसानगर जोन में मछली मार्केट के पास तड़के 4.30 बजे ब्राउन शुगर के धंधे से जुड़े 22 साल के युवकअनिकेत तिवारी की गला रेत कर हत्या कर दी गई। हत्या के पीछे आपसी रंजिश बताई जा रही है। अनिकेत कई दिनों से फरार चल रहा था। पुलिस अनिकेत तिवारी की तलाश में लगी हुई थी।
अनिकेत की हत्या उसी स्थान पर हुई जहां पर वह अड्डाबाजी किया करता था। इस घटना के बाद एसएसपी डॉक्टर एम. तमिल वाणन और बिरसानगर थाना प्रभारी तरुण कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया।
अनिकेत के पिता ने पुलिस से हाथ जोड़ कर हत्यारों को अविलंब गिरफ्तार करने और उसे सजा देने की मांग की। पुलिस ने मामला दर्ज कर अनिकेत तिवारी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हथियार की तलाश जारी है। पुलिस ने बताया कि देर रात हत्या वाले स्थान पर कुछ कहासुनी और मारपीट की सूचना पुलिस को मिली है, लेकिन पुलिस के पहुंचने पर सबकुछ शांत हो गया था और कहीं कुछ दिखाई नहीं दिया।
इसके बाद पुलिस लौट गई थी। सुबह में हत्या की जानकारी मिली। एसएसपी वाणन ने कहा कि रात किसके साथ कहासुनी हुई थी, पुलिस पता लगा रही है। रात में हुए विवाद के बाद ही अनिकेत उर्फ नन्हा की चाकू से हत्या कर दी गई।